नेहरू बच्चों के लिए प्रेरणा स्त्रोत  : यज्ञ मित्र सिंहदेव

सीकर 14 नवम्बर। भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू के जन्म दिवस (14 नवम्बर) पर जिले में विद्यार्थियों द्वारा रैली, सह शैक्षिक प्रतियोगिताओं, गायन, चित्रकला, निबन्ध प्रतियोगिता, नेहरू जी के जीवन पर फोटों प्रदर्शनी सहित विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। राजस्थान राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग के निर्देशानुसार जिला बाल संरक्षण अधिकारिता विभाग द्वारा 14 से 20 नवम्बर तक आयोजित बाल सप्ताह के जिला स्तरीय बाल मेलें के कार्यक्रम का शुभारम्भ राजकीय आदर्श उच्च माध्यमिक विद्यालय शिवसिंहपुरा में जिला कलेक्टर यज्ञ मित्र सिंहदेव ने फीता काटकर किया।


इस अवसर पर जिला कलेक्टर ने कहा कि नेहरू जी की जीवनी आज के बच्चों के लिए प्रेरणा स्त्रोत है। उन्होंने कहा कि भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू के जन्म दिवस पर 14 नवम्बर को पूरे देश में बाल दिवस मनाया जाता है। देश के प्रधानमंत्री होने के नाते उन्होंने बहुत से ऎसे काम किए जिनका परिणाम आज हमें देखने को मिल रहा है। जिला कलेक्टर ने कहा कि पंडित जवाहर लाल नेहरू पंचवर्षीय योजनाओं, औद्योगिक क्रांति, दुग्ध क्रांति सहित गुट निरपेक्ष आन्दोलन के सूत्रधार भी वही थे। बच्चों में नेहरूजी “चाचा नेहरू“ के नाम से लोकप्रिय थे। उन्होंने डिस्कवरी ऑफ इण्डिया किताब लिखी जो आज भी प्रेरणास्पद है व नेहरू जी ने आमजन की धारणा को ध्यान में रखकर जीवन भर देश के विकास के लिए कार्य किया। जिला कलेक्टर ने छात्र-छात्राओं का आव्हान किया कि वे पढ़-लिखकर दूर का लक्ष्य रखते हुए आगेे चलकर अधिकारी बनें। उन्होंने छात्र-छात्राओं से अध्ययन के साथ-साथ खेल  में भाग लेने को कहा। उन्होंने शिक्षकों से कहा कि बच्चों को विभिन्न खेलों की गतिविधियों से जोड़कर उनका सर्वांगीण विकास करने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। उन्होंने बताया कि जिले में 19 से 20 नवम्बर तक बाल सप्ताह का आयोजन किया जायेगा।


     कार्यक्रम में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी जगदीश प्रसाद बुनकर ने कहा कि बच्चों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक किया जाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि सीखने की  कोई उम्र नहीं होती है तथा बच्चे बुद्धिमान होते है। सीईओ ने जानकारी दी की बाल उत्पीड़न के विरूद्ध संबंधित थानों में रिपोर्ट दर्ज करवाकर कार्यवाही करवाई जा सकती है।


     कार्यक्रम में मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी सुरेन्द्र सिंह गौड़, सहायक निदेशक बाल संरक्षण प्रियंका पारीक ने भी सम्बोधित किया। समारोह में सी.ओ सीटी वंदिता राणा, आर.सी.एच.ओ. डॉ. निर्मल सिंह, बाल कल्याण समिति अध्यक्ष रतन लाल शर्मा, मनसुख रणवां  स्मृति संस्थान की दुर्गा रणवां, नूर मौहम्मद पठान, एसीईओ बनवारी लाल भूकर, डीपीसी भंवर लाल गुर्जर, बीडीओ पिपराली विजय प्रकाश, फतेहपुर सुनील ढ़ाका, एडीईओ अरूण माथुर, प्रधानाचार्या इंदुकला बराल, विद्यालय स्टॉफ, छात्र-छात्राएं, आमजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहेंं।